UP: अमेठी में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, किसान हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार

UP: अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पूरे भद्दौर गांव में पैतृक जमीन के विवाद ने एक किसान की जान ले ली। रविवार देर रात रामकरण की धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे जमीन बंटवारे के विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक के भाई रामचंद्र के मुताबिक, परिवार में हिस्सेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था और बड़े भाई गयाप्रसाद जमीन में हिस्सा देने के पक्ष में नहीं थे।

खेत की जुताई के बाद बढ़ा विवाद, रात में हुआ हमला

बताया गया कि घटना वाले दिन रामकरण ने विवादित खेत की जुताई कराई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। देर रात कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और रामकरण पर धारदार हथियारों व डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

Also Read: बलिया: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंकने पर पुलिस से झड़प, छात्र नेता हिरासत में

पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, हथियार भी बरामद

हत्या के मामले में मुसाफिरखाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान गयाप्रसाद चौहान (60), दीपक चौहान (20) और विरई उर्फ तेजवीर सरोज (20) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और टूटी हुई हॉकी भी बरामद की गई।

बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने इस मामले में मुसाफिरखाना थाने में मुकदमा संख्या 185/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 127 और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)