बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया महिपाल गांव में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक को ग्रामीणों द्वारा खंभे से बांधकर पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस ने चोर को अपने कब्जे में कर लिया है
पूरा मामला रानीपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है कि बीती गुरुवार देर रात चोरी करने पहुंचे एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे खंभे से बांध दिया गया और उसकी पिटाई की गई। वायरल वीडियो में आरोपी युवक पानी मांगता हुआ नजर आ रहा है, जबकि कुछ लोग उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।
ALSO READ: UP: मुगलसराय पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 10 लोगों पर कार्रवाई
ग्रामीणों ने आरोपी को शुक्रवार सुबह पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में रानीपुर पुलिस ने आरोपी को स्थानीय लोगों द्वारा पकड़कर सुपुर्द किए जाने की पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में थाना रानीपुर में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वर्तमान में मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, चोरी के आरोपी के साथ ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट और उसे खंभे से बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































