बरेली: पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश और पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद अब नदी ने कटान शुरू कर दिया है। मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव कपूरपुर में रामगंगा नदी तेजी से किनारों की जमीन को काट रही है। कटान के चलते किसानों की कई बीघा जमीन नदी में समा चुकी है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
सबसे अधिक चिंता गांव के समीप स्थित मंदिर को लेकर है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी लगातार कटान करते हुए मंदिर के बेहद करीब पहुंच गई है। यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो मंदिर के भी रामगंगा नदी की चपेट में आने का खतरा है। नदी का पानी मंदिर के बिल्कुल समीप से बह रहा है। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें रामगंगा नदी मंदिर के पास तेज बहाव के साथ बहती दिखाई दे रही है।
ALSO READ: उत्तर प्रदेश : ईसन नदी पुल पर धंसी सड़क बनी खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि नदी के कटान से उनकी उपजाऊ जमीन लगातार कम हो रही है और यदि समय रहते बचाव कार्य नहीं कराया गया तो नुकसान और बढ़ सकता है।
एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने बताया कि प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। वह स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं और बाढ़ खंड के अधिकारियों से भी लगातार संपर्क में हैं। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ग्रामीणों के साथ खड़ा है और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































