फतेहपुर: थाना चांदपुर पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच पीतल के घंटे, 2100 रुपये नकद और एक अदद कटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को वादी जसमोद यादव की तहरीर पर मु0अ0सं0 158/2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी लल्लू पुत्र मुन्ना, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम तपनी, थाना ललौली, जनपद फतेहपुर, हाल पता ग्राम सरहन बुजुर्ग, थाना चांदपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 05 पीतल के घंटे, 2100 रुपये नकद और एक कटर बरामद किया। आरोपी के खिलाफ चांदपुर थाने में पूर्व से भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी दपसौरा उ0नि0 अंकुश यादव, का0 सुधीर, रि0का0 सत्यम सिंह व रि0का0 आयुष सिंह शामिल रहे।


















































