UP: आजमगढ़ पुलिस की कार्रवाई, लूट-हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत 32 मुकदमों वाला गैंगस्टर गिरफ्तार

UP: आजमगढ़ के तरवां थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त हीरालाल यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे 22 अगस्त की सुबह सरायभादी गांव के बाहर खेत से पकड़ा। आरोपी पर हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मिट्टी उठाने के विवाद में फायरिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 1 जनवरी 2021 को सरायभादी गांव निवासी सुबाष यादव ने तरवां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मिट्टी उठाने को लेकर हुए विवाद के बाद गांव के ही जामवन्त यादव उर्फ जमुना यादव और हीरालाल यादव उनके घर पहुंचे। दोनों पर गाली-गलौज करने और अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगा था। मामले में पुलिस ने धारा 307, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान जामवन्त यादव उर्फ जमुना यादव की पुलिस कस्टडी रिमांड में उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा बरामद होने की बात भी सामने आई।

Also Read: UP: बहराइच में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, थाना परिसर से हुआ था फरार

लूट के मामले में भी सामने आया गैंग का नाम

पुलिस ने बताया कि 28 अप्रैल 2025 को वाराणसी के मिर्जामुराद थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच के दौरान जामवन्त यादव उर्फ जमुना यादव, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गतिविधियों को देखते हुए गैंगचार्ट तैयार किया गया और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

गैंग सरगना पर 32 मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गैंग के कथित सरगना जामवन्त यादव उर्फ जमुना यादव के खिलाफ आजमगढ़, गाजीपुर और वाराणसी में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहे और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।

Also Read: UP: 131 बार चेन स्नेचिंग कर चुका ‘कालिया’ गिरफ्तार, 500+ CCTV खंगालने के बाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता

गांव के बाहर खेत से हुई गिरफ्तारी

तरवां थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 22 अगस्त को कार्रवाई करते हुए हीरालाल यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को उसके घर से करीब 700-800 मीटर दूर गांव के बाहर खेत से सुबह लगभग 9:45 बजे पकड़ा गया। हीरालाल यादव के खिलाफ तरवां थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी समेत चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)