UP: बांदा में महज दो थप्पड, और देखते ही देखते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घरेलू कामकाज को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पति के हाथ उठाने से आहत पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच जूझती महिला जिंदगी की जंग हार गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानिए क्या है मामला
मामला गिरवां थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के मजरा छितारी पुरवा का है। यहां रहने वाले तोताराम की 38 वर्षीय पत्नी शिवपति ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया गया कि सुबह तोताराम खेत से घर लौटा था। इसी दौरान घरेलू कामकाज को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पति तोताराम के मुताबिक, गुस्से में उसने पत्नी शिवपति को दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद शिवपति बेहद आहत हो गई और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
ALSO READ: UP: गोमती नगर में डबल मर्डर और सुसाइड के केस में हुआ बड़ा खुलासा, जानिए पूरी कहानी
कमरे में जमीन पर पड़ी मिली शिवपति
जहर खाने के कुछ देर बाद शिवपति की हालत बिगड़ने लगी। जब तोताराम कमरे के अंदर पहुंचा तो उसकी पत्नी जमीन पर पड़ी थी। पूछने पर शिवपति ने सल्फास खाने की बात बताई। यह सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उसका करवाया। लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया।
रात में जिंदगी की जंग हार गई महिला
अस्पताल में उपचार के दौरान रात में शिवपति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































