बांदा: घर में रोज की तरह घरेलू काम कर रही 60 वर्षीय कमला देवी को अचानक चक्कर आया और देखते ही देखते वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं। बेटे ने पिता को सूचना दी तो परिजन उन्हें संभालने में जुट गए। कई घंटे तक घर पर उपचार चलता रहा, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई। शाम को अस्पताल ले गए तो डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
काम करते-करते अचानक गिरीं, किसी को नहीं था अनहोनी का अंदाजा
कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम सांडा सानी निवासी शिरोमन की पत्नी कमला देवी शुक्रवार को अपराह्न करीब दो बजे घर में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गईं।मां को अचानक जमीन पर गिरा देखकर पुत्र राजेंद्र घबरा गया। उसने पिता शिरोमन को जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल उन्हें संभाला और घर पर ही उपचार शुरू कर दिया। सभी को उम्मीद थी कि कुछ देर में कमला देवी ठीक हो जाएंगी, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने कर दिया मृत घोषित
कई घंटे बाद जब कमला देवी की हालत ज्यादा गंभीर हो गई तो परिजन उन्हें शाम को उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुंह से मौत की बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस मां को बचाने की उम्मीद लेकर परिवार अस्पताल पहुंचा था, वह अब इस दुनिया में नहीं थीं।
Also Read: UP: देवर ने ही की भाभी की हत्या, मासूम बेटी ने खोला खौफनाक राज
मजदूरी के सहारे चलता था परिवार, मां की मौत ने तोड़ दिया
बताया गया कि शिरोमन के पास मात्र दो बीघा जमीन है। परिवार का भरण-पोषण मजदूरी के सहारे होता था। कमला देवी परिवार की अहम कड़ी थीं। उनकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।कमला देवी अपने पीछे तीन पुत्र भूरेलाल, राजेंद्र, कल्लू और एक पुत्री बंदना को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेज दिया गया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































