Gonda: करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर उन्हें प्राथमिक विद्यालय दत्तनगर के पास से दबोच लिया गया।पुलिस के अनुसार, 11/12 अगस्त की रात ग्राम हीरापुर कमियार में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया था। छत के रास्ते घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। दोनों मामलों में करनैलगंज कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
जानिए क्या है पूरा मामला?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील चौहान निवासी बसंतपुर कमियार, करनैलगंज, अशोक चौहान निवासी जनवारियनपुरवा गुड़ैया नंबर-2, कैसरगंज और हरिराम वर्मा निवासी तेलियनपुरवा मंगरमेला, कैसरगंज के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 जोड़ी पायल, 21 जोड़ी बिछिया, अंगूठियां, करधन, लॉकेट, झुमकी, टॉप्स, चेन, बाली और नाक की कील समेत सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा अपाचे और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने दो अन्य साथियों राकेश उर्फ मुलायम और मयंकर यादव के साथ मिलकर चोरी करने की बात बताई। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष चोरी के सामान की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































