Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

Fatehpur: फतेहपुर जनपद के औंग थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला और हमलावर दामाद की मौत की घटना ने सनसनी फैला दी। पुलिस की अब तक की जांच में घटना के पीछे लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद सामने आया है। मृतक पवन विश्वकर्मा की पत्नी पिछले करीब तीन-चार वर्षों से उससे अलग रह रही थी। पत्नी गुजरात में अपने चार बच्चों के साथ रहती है। पुलिस को प्रथमदृष्टया आशंका है कि ससुराल वालों को पत्नी से अलगाव का जिम्मेदार मानकर पवन ने वारदात को अंजाम दिया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

रात करीब 3:15 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि भीकमपुर में एक व्यक्ति ने एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के भीतर पांच लोग गंभीर रूप से घायल मिले। सभी के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। वहीं घर के बाहर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसकी पहचान आशापुर निवासी और भीकमपुर निवासी परिवार के दामाद पवन विश्वकर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पवन शाम को भीकमपुर स्थित ससुराल पहुंचा था। उसने परिवार के लोगों से कहा कि उसके साले राजू विश्वकर्मा के बेटे की शादी के लिए लड़की देखने जाना है। शाम करीब पांच बजे वह राजू को अपने साथ लेकर चला गया। रात करीब आठ बजे वह अपने गांव आशापुर पहुंचा और कपड़े बदलने के बाद करीब 10 बजे दोबारा भीकमपुर आ गया।

ALSO READ: Bareilly: अस्पताल से पुलिस को गच्चा देकर फरार हुई पॉक्सो एक्ट की महिला बंदी, लापरवाही में दो महिला सिपाही निलंबित

परिवार के लोगों ने राजू के बारे में पूछा तो पवन ने बताया कि वह कहीं रुक गया है और खुद वापस आ जाएगा। हालांकि उसने राजू के ठिकाने के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।पुलिस के अनुसार रात करीब 1:30 बजे पवन ने अपने साथ लाए बांका जैसे धारदार हथियार से सो रहे लोगों पर अचानक हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बगल के मकान में रहने वाला उसका दूसरा साला राजेश विश्वकर्मा भी बीच-बचाव करने पहुंचा। पवन ने उस पर भी कई वार कर दिए।हमले में परिवार के कुल पांच लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर मौजूद हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)