जौनपुर: सदर तहसील क्षेत्र के राजेपुर द्वितीय त्रिमुहानी निवासी नरेंद्र बहादुर सिंह की जमीन की पैमाइश और न्याय की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने चल रहा जज सिंह अन्ना का अनशन अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया।
एसडीएम सदर योगिता सिंह ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।बताया गया कि नरेंद्र बहादुर सिंह और हरिश्चंद्र-रामचंद्र के बीच गाटा संख्या 1245/1243 में दर्ज 33.7 एयर भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। नरेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि उन्होंने बैनामे के माध्यम से भूमि खरीदी है, लेकिन मौके पर भूमि की अपेक्षित पैमाइश एवं समायोजन नहीं हो पा रहा है।
Also Read: छात्रहितों को लेकर परिषद का विकास भवन पर प्रदर्शन, सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
गरीब नरेंद्र बहादुर सिंह के समर्थन में जज सिंह अन्ना ने अन्न-जल त्यागकर अनशन शुरू किया था। चौथे दिन उनकी तबीयत बिगड़ने पर प्रशासन ने मामले में हस्तक्षेप किया। सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में एसडीएम सदर के आश्वासन पर अनशन समाप्त कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि तहसीलदार की टीम तीसरी बार मौके पर जाकर भूमि की पैमाइश करेगी। जज सिंह अन्ना ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं, बल्कि निष्पक्ष पैमाइश के आधार पर नरेंद्र बहादुर सिंह को न्याय दिलाना है।



















































