UP: मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 450 से 500 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम, बुखार और त्वचा संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक है।
राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ वायरल संक्रमण और बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश के कारण बच्चों में वायरल संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से ओपीडी में भीड़ देखी जा रही है।डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों से बारिश में भीगने से बचने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शरीर के तापमान में अचानक बदलाव होने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में गर्म स्थान से अचानक ठंडे वातावरण में जाने और ठंडे स्थान से गर्म वातावरण में आने से बचना चाहिए।
Also Read: UP में मौसम का बदला मिजाज, बढ़ने लगी मौसमी बीमारियां, बच्चे-बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
उन्होंने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सावधानी बरतने की सलाह दी। बच्चों को अनावश्यक रूप से बारिश में बाहर न ले जाएं और जरूरत पड़ने पर छाता या रेनकोट का इस्तेमाल करें। बारिश के दौरान बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर खड़े होने से भी बचें।चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि यदि सर्दी-जुकाम, लगातार बुखार, खांसी या अन्य वायरल लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें। समय रहते सावधानी और उपचार से मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं



















































