UP: बुखार से पीड़ित कक्षा छह के छात्र की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली: हाफिजगंज थाना क्षेत्र के बनमपुरी गांव में बुखार से पीड़ित कक्षा छह के 12 वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बनमपुरी गांव निवासी निरंजन देव का बेटा आर्यन कक्षा छह में पढ़ता था।

परिजनों के मुताबिक आर्यन को कई दिनों से बुखार आ रहा था। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे चार सितंबर को बरेली के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।

Also Read: अयोध्या: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बोले- राम मंदिर प्रबंधन कर्मचारियों को सौंपा जाए, आरएसएस की भूमिका पर उठाए सवाल

परिजनों के अनुसार मंगलवार रात उपचार के दौरान अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदमे में आ गए। गांव में भी परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

Also Read: UP: सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण: जिला जज की अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी, स्टे पर फैसला सुरक्षित; इस तारीख को अगली सुनवाई

गांव में गंदगी और जलभराव से ग्रामीण चिंतित

घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। गांव के प्रशासक हरपाल ने बताया कि बारिश के बाद जगह-जगह गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब तीन महीने से सफाई कर्मचारी गांव में नहीं आया है। इससे नालियों और रास्तों पर गंदगी जमा हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी और जलभराव के कारण गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। कई लोग बुखार समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर जांच कराने, जरूरतमंदों को दवाएं उपलब्ध कराने और नियमित सफाई कर्मचारी तैनात करने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)