UP: दबंगों ने व्यापारी और बेटे को पीटा, नकदी-मोबाइल छीना, जातिसूचक शब्द कहने और जबरन समझौते का दबाव बनाने का आरोप

UP: बरेली आंवला कस्बे में दलित व्यापारी और उसके बेटे के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और नकदी व मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने और मामले में लीपापोती का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, सीओ ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

आदर्श नगर कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार के मुताबिक, 11 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। रामलीला गेट के पास उनकी साइकिल एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। आरोप है कि वहां मौजूद तीन लोगों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और जेब में रखे पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया।

ALSO READ: Mirzapur: आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा दिन, मुख्यमंत्री ने की उत्तरप्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की शुरुआत

घटना की जानकारी मिलने पर मुकेश का बेटा आदित्य मौके पर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने छह-सात अन्य लोगों को बुलाकर उसके साथ भी मारपीट की। हमले में आदित्य की आंख, नाक और चेहरे पर चोटें आईं।

मुकेश की पत्नी सुनीता देवी का आरोप है कि घटना की रात थाने में एक होमगार्ड ने बिना पढ़ाए कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। अगले दिन थाना दिवस में अधिकारियों से शिकायत के बाद घायल आदित्य का मेडिकल कराया गया। 13 सितंबर को एफआईआर की प्रति लेने पहुंचे तो मुकदमा दर्ज नहीं मिला। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित परिवार ने समझौते के लिए दबाव और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)