मथुरा: वृंदावन यमुना घाट पर नाविकों पर धारदार हथियारों से हमला, 10 से ज्यादा घायल

मथुरा: धर्मनगरी वृंदावन के यमुना घाट पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आजीविका के लिए नाव चला रहे निषाद समाज के नाविकों पर कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस हमले में 10 से अधिक नाविक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घाट पर नाविक रोज की तरह श्रद्धालुओं को यमुना में नौका विहार करा रहे थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने नाव में भ्रमण किया और बाद में किराया देने से इनकार कर दिया। किराया मांगने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। नाविकों का आरोप है कि इसके बाद ठाकुर प्रयांशु सिंह जादौन के साथ बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और नाविकों पर धारदार हथियारों और सूजों से हमला बोल दिया।

Also Read: विवाहिता को मायके भेजने के विवाद में ससुरालीजनों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

अचानक हुए हमले से घाट पर भगदड़ मच गई। कई नाविकों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।

मामले में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि जब घायल नाविकों को सरकारी एंबुलेंस से आगरा रेफर किया जा रहा था, तब रास्ते में भी कथित रूप से घायलों के साथ मारपीट की गई और सरकारी एंबुलेंस के चालक के साथ भी अभद्रता व मारपीट की गई। यदि यह आरोप सही है तो यह न केवल कानून व्यवस्था बल्कि मानवता पर भी बड़ा सवाल है।

Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद निषाद समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों का कहना है कि यह केवल नाविकों पर हमला नहीं, बल्कि मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले लोगों की आजीविका और सुरक्षा पर हमला है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, साथ ही घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा देने की भी मांग उठाई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )