UP: वाराणसी शहर में जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले में उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता पवन कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की सख्ती के बाद हुई इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मचा है। मंत्री ने प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में अधिकारी संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहले से पहचान कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। समस्या सामने आने का इंतजार करने के बजाय अधिकारी पहले से तैयार रहें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाराणसी समेत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर नालों, सीवर लाइनों और पंपिंग स्टेशनों की स्थिति की पहले से समीक्षा की जाए। जहां जल निकासी व्यवस्था में कमी मिले, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर विकास मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही या उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि कहीं भी जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी में अधिशासी अभियंता के खिलाफ हुई कार्रवाई को भी इसी जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है।



















































