गोण्डा: कौड़िया थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी पति पंकज कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम बखरिया निवासी आरोपी को रामापुर पुल के पास से पकड़ा गया। सूचना मिली थी कि आरोपी वहां से फरार होने की फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को ग्राम खैरम ललौवा चक निवासी राहुल विश्वकर्मा ने थाना कौड़िया में तहरीर देकर अपनी बहन ललिता देवी की मौत के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।
तहरीर में बताया गया कि ललिता की शादी करीब पांच वर्ष पहले पंकज कुमार शर्मा के साथ हुई थी।परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर ललिता को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।तहरीर के मुताबिक 14 सितंबर को ललिता देवी की मृत्यु हो गई और उनका शव घर में लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और नामजद आरोपियों की तलाश में पतारसी-सुरागरसी की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रामापुर पुल के पास घेराबंदी कर पंकज कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।थाना कौड़िया में मु0अ0सं0 203/2026 के तहत धारा 85, 108 बीएनएस एवं 3/4 डी.पी. एक्ट में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमरजीत सोनकर, कांस्टेबल महेन्द्र पाण्डेय और कांस्टेबल नीलेश कुमार शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई जारी है|


















































