UP: जौनपुर जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने हाथों में पोस्टर लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की सड़क की स्थिति खराब होने के कारण उन्हें रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों से गुहार लगाई गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण हाथों में पोस्टर लेकर सड़क पर खड़े रहे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें बार-बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर सड़क निर्माण की दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है। इसी दौरान ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा इलाके में गूंजता रहा।


















































