चंदौली: स्थायी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर फल-सब्जी कारोबारियों का धरना जारी, कांग्रेस ने दिया समर्थन

चंदौली: फल-सब्जी व्यवसायियों की ओर से स्थायी मंडी, वेंडिंग जोन और कच्चे माल को टैक्स फ्री करने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को जारी रहा। धरनास्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यवसायियों को समर्थन दिया। उन्होंने मांगों को जायज बताते हुए हर स्तर पर सहयोग का भरोसा दिलाया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फल-सब्जी व्यवसायी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन और प्रशासन के समक्ष आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। व्यवसायियों के लिए स्थायी मंडी और पटरी दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन की व्यवस्था होने से उनका रोजगार सुरक्षित हो सकेगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी फल-सब्जी व्यवसायियों के साथ खड़ी है। जिला प्रशासन को धरनारत व्यापारियों की मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर छोटे दुकानदारों, फल-सब्जी विक्रेताओं और गरीब वर्ग के रोजगार को लेकर उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक व्यवसायियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, कांग्रेस उनके आंदोलन में साथ देती रहेगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Also Read: UP: मुगलसराय में फल-सब्जी कारोबारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी, सपा नेता चंद्रशेखर यादव ने दिया समर्थन

फल-सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि व्यवसायी लंबे समय से स्थायी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग कर रहे हैं। जब तक मंडी के लिए जमीन की व्यवस्था और वेंडिंग जोन नहीं बनाया जाता, धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का घेराव भी किया जाएगा।इस दौरान उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद सोनकर, महामंत्री बृजमोहन प्रसाद सोनकर, मंत्री बिल्लू सरदार, मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र प्रसाद सोनकर, पारस सोनकर, विशाल सोनकर, सचिन सोनकर, अनिल सोनकर, विजय प्रसाद, राम सिंह सोनकर, अवधेश साहिल समेत बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेता और व्यापारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)