Mathura: पहले घर पर फायरिंग, अब बेटों पर मुकदमा, विधवा मां ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

Mathura: थाना वृंदावन क्षेत्र के ज्ञान गुदड़ी इलाके में एक वृद्ध विधवा मां ने अपने दो बेटों को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि घटना के समय उसके दोनों बेटे अपने-अपने घरों पर मौजूद थे, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हो सकती है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में ज्ञान गुदड़ी निवासी राधा देवी ने बताया कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से अपने छोटे पुत्र रणधीर और उसके बच्चों के साथ रह रही हैं, जबकि बड़ा पुत्र धीर सिंह बेगमपुर में अपने परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि पारिवारिक रंजिश के चलते कुछ लोग उनके नाती से अक्सर विवाद करते हैं और घर आकर गाली-गलौज व धमकी देते हैं। राधा देवी ने बताया कि इससे पहले भी आरोपियों ने उनके घर पर हवाई फायरिंग की थी। ताजा मामला 14 अगस्त की रात का है, जब रात करीब 11:15 बजे 8 से 10 लोग हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे और फायरिंग करते हुए धमकी देकर चले गए। इस संबंध में उनके छोटे पुत्र रणधीर ने 15 अगस्त को थाना वृंदावन पुलिस को लिखित तहरीर भी दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

ALSO READ: Chandauli: देसी शराब की दुकान में बड़ी चोरी, 1.20 लाख नकदी समेत करीब दो लाख का माल पार, छत का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुसे चोर

पीड़िता का आरोप है कि उल्टा 12 सितंबर को दर्ज किए गए एक मुकदमे में उसके दोनों बेटों को नामजद कर दिया गया। राधा देवी का कहना है कि जिन बेटों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, वे उस दिन घटना स्थल पर थे ही नहीं। बड़ा बेटा बेगमपुर में अपने घर पर था और छोटा बेटा उनके साथ ज्ञान गुदड़ी वाले घर पर मौजूद था। वृद्ध महिला ने एसएसपी से मांग की है कि ज्ञान गुदड़ी और बेगमपुर स्थित दोनों घरों के सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि वह एक विधवा महिला हैं और उन्हें न्याय की उम्मीद है। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके निर्दोष बेटों को झूठे मुकदमे से बरी किया जाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)