संतकबीरनगर में प्रधानी के चुनावी रंजिश में पहलवान की पीट-पीटकर हत्या

• आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लाठी-डंडों से किया हमला, जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

• चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज,दो आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई चार टीमें

संतकबीरनगर जिल के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के भकठान (गोसाईपुर) गांव में मंगलवार शाम चुनावी रंजिश में प्रधान के छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले युवक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका, जिससे वह बाइक समेत जमीन पर गिर गया। इसके बाद लाठी-डंडे और फरसे से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भकठान (गोसाईपुर) गांव के प्रधान रामाकांत यादव के अनुसार, उनका छोटा भाई ब्रह्मानंद यादव (35) मंगलवार शाम बुलेट से गिठिनी बाजार पशु आहार खरीदने जा रहा था। गांव में राकेश यादव के घर के सामने पहुंचते ही पहले से घात लगाए राकेश यादव, छबिराम, अजय और अभिमन्यु ने उसकी बाइक रोक ली। आरोप है कि चारों ने उसकी आंखों में पिसा हुआ लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और फरसे से उसे बेरहमी से पीटा। शोर सुनकर रामाकांत मौके पर पहुंचे। धर्मेंद्र ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस की गाड़ी से ब्रह्मानंद को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र, राजू समेत अन्य लोगों के बयान भी पुलिस दर्ज कर रही है।

यह भी पढ़ें: लोनी मामले में SP नेता उम्मेद पहलवान गिरफ्तार, सांप्रदायिक उन्माद फैलाकर दंगा की साजिश का आरोप

शव ले जाने पर बाईपास पर रोका, हंगामा

परिजन स्कार्पियो से शव लेकर घर जा रहे थे। मेंहदावल बाईपास पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद परिजन और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ ट्रैफिक अमित कुमार, कोतवाल जय प्रकाश दुबे, एसओ दुधारा अमित कुशवाहा और एसओ महुली दुर्गेश पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें: सांसद पर मुकदमा दर्ज कराने वाला युवक अगवा, अपहरण का केस दर्ज

चार पर हत्या का मुकदमा, दो गिरफ्तार

एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि प्रधान रामाकांत यादव की तहरीर पर राकेश यादव, छबिराम, अजय और अभिमन्यु के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया घटना की वजह चुनावी रंजिश सामने आ रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें: प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांसद संतकबीरनगर की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा

जिला केसरी भी रह चुके थे पहलवान ब्रह्मानंद

मृतक पहलवान ब्रह्मानंद 2018-19 में संतकबीर नगर से जिला केसरी (जिले में नंबर वन पहलवान) रह चुके थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई रमाकांत यादव ग्राम प्रधान, जबकि दो भाई श्रीकांत और रामानंद किसानी करते हैं। ब्रह्मानंद की शादी 2017 में पूजा से हुई थी। उनके बच्चों में बेटी जागृति (4) और बेटा अंश (6) हैं।

यह भी पढ़ें: बखिरा विसर्जन विवाद ने बढ़ाई सियासी तपिश, सांसद समेत दोनों पक्षों पर केस दर्ज 

पुलिस सुन लेती तो जिंदा होता ब्रह्मानंद…! 

पांच माह से सुलग रही चुनावी रंजिश मंगलवार को खूनखराबे में बदल गई। प्रधान रामाकांत यादव के छोटे भाई ब्रह्मानंद यादव की पीट-पीटकर हत्या के बाद परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक के भाई रामानंद यादव का कहना है कि उन्होंने पहले ही पुलिस को आरोपितों के घात लगाकर बैठने की सूचना दी थी। यदि पुलिस ने समय रहते शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो शायद ब्रह्मानंद की जान बच सकती थी। रामानंद के मुताबिक, हमलावरों ने ब्रह्मानंद के पैर में गोली मारी, ताकि वह भाग न सकें। इसके बाद उनके भाई को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। वह ब्रह्मानंद को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद किसी तरह वह वहां से निकल सके। उन्होंने बताया कि 18 मई को भी चुनावी रंजिश में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में दोनों ओर से क्रॉस केस दर्ज हुआ था। इसके बाद से ही तनाव बना हुआ था। रामानंद का आरोप है कि मगहर पुलिस चौकी पर सूचना देकर बताया गया था कि आरोपी घात लगाकर बैठे रहते हैं, लेकिन शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ब्रह्मानंद की हत्या के बाद परिवार में आक्रोश है। रामानंद ने आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।