UP: मुजफ्फरनगर में विदेश में नौकरी दिलाने का लालच देकर लोगों से कथित तौर पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल सैनी, गौरव और शिवम कुमार के रूप में हुई है। तीनों मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
नौकरी का भरोसा दिलाकर ऐंठते थे मोटी रकम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर लोगों से संपर्क करते थे। नौकरी और विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा देकर उनसे बड़ी रकम ली जाती थी। आरोप है कि लोगों का विश्वास जीतने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा भी लिया जाता था। विदेश में नौकरी पाने की उम्मीद में कई लोगों ने आरोपियों को पैसे दिए, लेकिन बाद में उनके साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया।
Also Read: Raebareli: प्यार और गिफ्ट का झांसा देकर लाखों की ठगी, साइबर गैंग के 4 शातिर ठग गिरफ्तार
30 से ज्यादा शिकायतों से खुला ठगी का नेटवर्क
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर 30 से अधिक शिकायतें मिलीं। शिकायतों में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने और धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने इन शिकायतों को आधार बनाकर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया।
प्रेस वार्ता में साइबर क्राइम पुलिस ने किया खुलासा
मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एचपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क की भी जानकारी जुटाने में लगी है।
विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी एजेंट या संस्था को रकम देने से पहले उसके दस्तावेज, पंजीकरण और नौकरी से संबंधित दावों की जांच करना जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































