बागपत: हरिद्वार से कांवड़ लाने वाले यूपी के बागपत के रंछाड गांव निवासी बाबू खान ने मुस्लिम कट्टरपंथियों से तंग आकर धर्म परिवर्तन कर ‘हिंदू’ बनने की चेतावनी दी है. बाबू खान का आरोप है कि उसके समुदाय के लोग उसे मस्जिद में नमाज़ नहीं पढ़ने दे रहे और भला- बुरा कहकर उसे मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं, बाबू खान ने कुछ युवकों पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है.
जानें पूरा मामला
दरअसल बाबू खान ने हरिद्वार से कांवड़ लाकर पुरा महादेव और अपने गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया था. लेकिन जब वह 10 अगस्त को जुमें की नमाज अदा करने गांव में स्थित मस्जिद गया तो कुछ युवकों ने उसे नमाज नहीं पढ़ने दी, भद्दी-भद्दी गालियां दी और मारपीट कर मस्जिद से बाहर निकाल दिया. साथ ही युवकों ने उससे कहा कि अब मंदिर में ही घंटे बजा इस्लाम में अब तेरी कोई जगह नहीं है. पीड़ित बाबू खान ने इस मामले की शिकायत पुलिस को 4 लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी थी. जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपितों का शांति भंग में चालान कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी कट्टरपंथी उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं.
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर बाबू खान का कहना है कि यदि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न की तो वह धर्म परिवर्तन कर हिंदू बन जाएंगे. न्याय पाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास पर धरना देने की भी चेतावनी दी है. लेकिन जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा तब तक वह चुप नहीं बैठेंगे.
मामले पर इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि तीन आरोपितों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी गई थी. सुरक्षा के लिहाज से गांव में दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )









































