रायबरेली: डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे जुड़ावन सिंह मजरे सुरसना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब पिछले दो दिनों से लापता एक बुजुर्ग का शव गांव के ही तालाब में उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान 65 वर्षीय कुंज बिहारी उर्फ समोधी रैदास (पुत्र जगन्नाथ) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद से जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने बुजुर्ग की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
दो दिन पहले अचानक घर से हुए थे लापता
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, कुंज बिहारी बीते दो दिनों से अचानक घर से लापता हो गए थे। उनके गायब होने के बाद पुत्र सोनू समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
सुबह तालाब में तैरती दिखी लाश, जुटी भारी भीड़
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने घर के पास स्थित तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। मृतक की शिनाख्त लापता कुंज बिहारी के रूप में हुई। तालाब में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
क्या कहती है पुलिस?
डलमऊ इंस्पेक्टर राघवन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशानों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














































