UP: उच्च प्राथमिक विद्यालय बझेड़ा में अज्ञात चोरों ने बोला धावा: हजारों के टैबलेट, खोजी किट और कीमती सामान पार

चौमुहां: थाना बरसाना के अंतर्गत चौकी सहार क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे शिक्षा के मंदिरों को भी निशाना बनाने से नहीं कतरा रहे हैं। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय बझेड़ा में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये के कीमती सामान और शिक्षण सामग्रियों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षा विभाग में भारी आक्रोश है।

ALSO READ: उत्तर प्रदेश : ईसन नदी पुल पर धंसी सड़क बनी खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग

मिली जानकारी के अनुसार, चौमुहां विकास खंड के गांव बझेड़ा में चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर विद्यालय की बाउंड्री वॉल (दीवार) फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरों के ताले चटका दिए। अंदर प्रवेश करने के बाद चोरों ने कार्यालय और कमरों में रखीं अलमारियों के लॉकर बेरहमी से तोड़ डाले।इंचार्ज प्रधानाध्यापक विनय गौतम ने बताया कि चोर डिजिटल पढ़ाई के लिए रखे हजारों रुपये के टैबलेट बच्चों के प्रयोग के लिए आई विज्ञान किट और गणित किट शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी खोजी किट विद्यालय के जरूरी रजिस्टर, मार्कर और अन्य कीमती दस्तावेज चुराकर ले गए है।

Also Read: UP: बलिया में स्कूली बसों पर चला RTO का डंडा, नियमों की अनदेखी पर 15 बसों का चालान, 2 बसें सीज

सुबह जब विद्यालय स्टाफ और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और सहार चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सामान बरामद करने की मांग की है। वही सहार चौकी प्रभारी अंकित चौधरी ने बताया गांव बझेड़ा में हुई चोरी की तहरीर मिली है जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)