अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर तेजस्वी यादव की पार्टी का बयान, RJD ने कहा- भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया

इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर शनिवार (28 फरवरी) को ईरान पर हमला किया. इस हमले में ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई जगहों को निशाना बनाया गया. इस हमले में स्कूल पर भी बमबारी की गई. वहीं हमले में रविवार (1 मार्च 2026) को ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई।इस बीच ईरान पर हमले और सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन पर तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने प्रतिक्रिया दी है. पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा गया कि अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के साथ भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है।

इस बड़ी घटना पर बिहार की प्रमुख राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है. आरजेडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की. पार्टी ने लिखा कि अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के साथ ही भारत ने अपना एक भरोसेमंद और पुराना दोस्त खो दिया है. आरजेडी ने कहा कि खामेनेई को निशाना बनाकर किया गया यह हमला सिर्फ एक देश पर नहीं, बल्कि पूरी मानवता के खिलाफ अपराध है. आरजेडी ने अपने पोस्ट में अमेरिका की विदेश नीति पर हमला बोला।

Also read:अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर जानें भारत में कहां-कहां हो रहा प्रदर्शन

पार्टी ने कहा कि अमेरिका ने अतीत में इराक, लीबिया और सीरिया जैसे देशों पर हमले करके वहां के नागरिकों का जीवन पूरी तरह बर्बाद कर दिया है और अब वही पैटर्न ईरान में दोहराया जा रहा है. हमले में हजारों निर्दोष लोगों की जान जाने पर पार्टी ने गहरा दुख जताया है।

इस हमले में खामेनेई के परिवार के चार सदस्य भी मारे गए हैं. इसमें उनकी बेटी, पोता और दामाद शामिल हैं. इस खबर के सामने आने के बाद भारत के मुस्लिम समुदाय में भी जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है. देश के विभिन्न हिस्सों में लोग इजरायल और अमेरिका की इस कार्रवाई के खिलाफ विरोध कर रहे हैं. इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बता रहे हैं।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)