नोएडा, गाजियाबाद…कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म, ईरान, अमेरिका-इस्राइल युद्ध के प्रभाव आने लगे नजर, प्रशासन ने भी दी प्रतिक्रिया

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रविवार को कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया, क्योंकि दिनभर ईंधन की नई खेप नहीं पहुंची। पंप संचालकों का कहना है कि उन्होंने तेल कंपनियों से संपर्क किया है और कंपनियों ने सोमवार तक सप्लाई सामान्य होने का भरोसा दिया है। वहीं जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि ईंधन की कमी नहीं है, केवल परिवहन से जुड़ी कुछ दिक्कतें सामने आई हैं।

कीमत बढ़ने की आशंका से बढ़ी भीड़

ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। इसके चलते कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। इसी आशंका के चलते नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी लोगों ने शनिवार को ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगा लीं और अपने वाहनों के टैंक फुल करवा लिए।

Also read:क्या है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जिसे ईरान ने किया बंद! दुनिया की अर्थव्यवस्था पर मंडराया महाविनाश

अचानक बढ़ी मांग से खत्म हुआ पेट्रोल

पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार शनिवार देर रात तक ग्राहकों की भारी भीड़ के कारण कई पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं रहा। रविवार को पेट्रोल टैंकर नहीं पहुंचने के कारण पंप बंद रखने पड़े और कई वाहन चालकों को बिना पेट्रोल लिए ही वापस लौटना पड़ा।

आसपास के जिलों में भी असर

जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के कुछ पेट्रोल पंपों पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली है। हालांकि तेल कंपनियों की ओर से आपूर्ति में कमी का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। पंप संचालकों को केवल इतना आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

Also Read: अयातुल्ला खामेनेई को कैसे मारा गया,क्या सोची समझी साजिश थी?

प्रशासन ने दी स्थिति सामान्य होने की जानकारी

जिला पूर्ति विभाग की प्रभारी अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और कीमत बढ़ने को लेकर कंपनियों ने फिलहाल कोई संकेत नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि केवल ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कुछ दिक्कतों के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)