गोरखपुर, 23 अप्रैल 2026। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने शिक्षा और तकनीक के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अनुदीप फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय एवं गोरखपुर जनपद के संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को एआई के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस साझेदारी का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक एआई तकनीकों एवं डिजिटल उपकरणों में दक्ष बनाना है, जिससे वे शोध, पाठ्यक्रम विकास और कक्षा शिक्षण को वैश्विक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को जेनरेटिव एआई, आँकड़ा विश्लेषण तथा आधुनिक शैक्षणिक सॉफ्टवेयर का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा।
Also Read: यूपी में जल्द बनेगा ‘दूसरा नोएडा’… सीएम योगी ने इस शहर को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
इस अवसर पर कुलपति पूनम टंडन ने कहा, कि एआई वर्तमान समय की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है और यह समझौता हमारे शिक्षकों को नवीन तकनीकों से लैस करेगा, जिससे वे विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे।
गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया शीघ्र ही प्रारम्भ की जाएगी, जिससे विश्वविद्यालय एवं जनपद के महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें।
अनुदीप फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने इस सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का प्रशिक्षण पूरे शिक्षा तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Also Read: ‘आई-कार्ड से कैशलेस इलाज तक…’, यूपी में पत्रकारों के लिए सीएम योगी का बड़ा ऐलान
कार्यक्रम में तन्मय मुखर्जी (उपाध्यक्ष), विवेक कुमार (क्षेत्रीय प्रमुख, उत्तर भारत) तथा आशुतोष त्रिपाठी (समन्वयक) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































