छत्रपति शिवाजी महाराज युद्ध लड़ते-लड़ते तरह थक गए थे….धीरेंद्र शास्त्री ने दिया विवादित बयान, एक्टर-फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने जताई नाराजगी

एक्टर-फिल्ममेकर रितेश देशमुख ने हाल ही में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Shastri) की उस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर विवादित दावा किया गया था। यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब रितेश खुद शिवाजी महाराज (Shivaji Maharaj) के जीवन पर आधारित अपनी फिल्म रिलीज करने वाले हैं।

सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

रितेश देशमुख, जो खुद को शिवाजी महाराज का गहरा श्रद्धालु मानते हैं, इस बयान से काफी आहत नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि, जब कोई आकर हमारे परम पूज्य शिव के बारे में विकृत और बेतुकी बातें फैलाता है, तो एक शिव-प्रेमी-शिव-भक्त के रूप में यह अस्वीकार्य और बेहद क्रोधित करने वाला होता है। उन्हें सीमित दायरे में बांधने के ऐसे व्यर्थ प्रयास समय के प्रवाह में विलीन हो जाएंगे। लेकिन जिस प्रकार सह्याद्री पर्वतमाला लाखों वर्षों से विद्यमान है, उसी प्रकार वह एक नाम भी करोड़ों वर्षों तक अमर रहेगा। और वह नाम है,प्रताप पुरंदर, क्षत्रिय वंश के, सिंहासन के स्वामी, सम्राटों के सम्राट, धनी राजशिव छत्रपति महाराज।

‘शिवाजी महाराज का नाम अमर रहेगा’

अपने पोस्ट में रितेश ने आगे कहा कि इतिहास के महान व्यक्तित्वों को सीमित करने की कोशिशें समय के साथ खत्म हो जाती हैं, लेकिन शिवाजी महाराज का नाम सदियों तक अमर रहेगा। उन्होंने महाराज के सम्मान में कई विशेष उपाधियों का उल्लेख करते हुए उनके गौरव को याद किया।

क्या था विवादित बयान?

पूरा विवाद नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ, जहां धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज युद्ध लड़ते-लड़ते पूरी तरह थक गए थे। बाबा ने अपने भाषण में कहा, ‘एक दिन महाराज अपने गुरु रामदास स्वामी के पास गए, अपना मुकुट उनके चरणों में रखा और कहा कि मैं अब और नहीं लड़ना चाहता, मैं बहुत थक गया हूं। आप ही इस राज्य को संभालें।’ बाबा के इसी दावे को इतिहास से छेड़छाड़ माना जा रहा है, क्योंकि शिवाजी महाराज के अनुयायियों का कहना है कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी और न ही वह कभी ‘थके’ थे।

विवाद बढ़ने पर मांगी माफी

बढ़ते विवाद के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया और अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। साथ ही उन्होंने शिवाजी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा भी दोहराई।

फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर चर्चा

वर्क फ्रंट की बात करें तो रितेश देशमुख अपनी आगामी फिल्म राजा शिवाजी की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। इस फिल्म में वह खुद शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसमें महाराज के प्रारंभिक जीवन तथा ‘स्वराज्य’ की स्थापना के संघर्ष को दिखाया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)