सहारनपुर : सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम पापडेकी रसूलपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अनुसूचित जाति के गरीब पट्टाधारकों ने भूमाफियाओं पर उनके सैकड़ों यूकेलिप्टिस के पेड़ अवैध रूप से काटने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाया है। इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पीड़ितों के अनुसार, वर्ष 1976 में उन्हें खसरा संख्या 246, 247, 71, 69 आदि पर आसामी पट्टे आवंटित किए गए थे, जहां वे वर्षों से खेती कर रहे थे और यूकेलिप्टिस के पेड़ लगाकर उनका पालन-पोषण कर रहे थे। हालांकि वर्ष 1998 में पट्टे निरस्त कर दिए गए, लेकिन उन्होंने राजस्व परिषद इलाहाबाद से स्टे भी प्राप्त किया था।
आरोप है कि 10 अप्रैल 2026 को शहजाद और दाऊद सहित अन्य लोगों ने 20-25 मजदूरों के साथ मिलकर पावर आरी से करीब 800 पेड़ काट दिए। विरोध करने पर पीड़ितों को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपित भू-माफियाओं के फोटो लगे बैनर तैयार किए और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान ग्रामीणों अनाउंसमेंट करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों ने मांग की है कि उनके लगाए गए पेड़ों का हक उन्हें दिलाया जाए और दोषी भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर न्याय दिलाया जाए।











































