अमेठी : जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
“ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 2500 रुपये नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में, क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 5 मई 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल कोरी (22 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़ और शिवा सरोज (23 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान विशाल के पास से 11 एटीएम कार्ड और 1300 रुपये तथा शिवा के पास से 8 एटीएम कार्ड और 1200 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर लोगों को निशाना बनाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने जाता, वे उसके पीछे अंदर जाकर बातचीत में उलझाकर उसका पिन देख लेते और मौका मिलते ही एटीएम कार्ड बदल देते थे। बाद में पीड़ित के जाने के बाद उसके खाते से रुपये निकाल लेते थे।
अभियुक्तों ने बताया कि कुछ दिन पहले सगरा तिराहा के पास एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर 4000 रुपये निकाले थे। इसके अलावा बरामद मोटरसाइकिल को उन्होंने गौरीगंज क्षेत्र से एक बारात के दौरान चोरी किया था और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति को अपने पास न आने दें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































