अमेठी : पीपरपुर थाना क्षेत्र स्थित खानापुर गांव में शुक्रवार दोपहर ई-रिक्शा चालक दीपक मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे।
मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार मिश्रा सहित पीपरपुर, संग्रामपुर, रामगंज, अमेठी और मुंशीगंज थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Also Read : प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद महिला की हत्या, पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को दबोचा
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतक के भाई भरतलाल मिश्र ने आरोप लगाया कि गांव के प्रधान श्रीकांत मिश्रा और उनके रिश्तेदार संचिन पांडेय ने दीपक मिश्रा की गोली मारकर हत्या की है। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में रहते हैं और घटना की जानकारी मिलते ही गांव पहुंचे। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।














































