अमेठी : जिले के रामगंज थाना क्षेत्र से एक 14 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किशोरी बीते 7 मई की शाम करीब पांच बजे घर से रिश्तेदारी में मामा के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जब रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि किशोरी वहां पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे किशोरी को दो युवकों के साथ एक नहर के पास देखा गया। परिवार की एक महिला रिश्तेदार ने किशोरी को पहचान कर आवाज लगाई, लेकिन दोनों युवक किशोरी को लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक किशोरी का मोबाइल फोन भी बंद जा रहा है। उन्होंने थाना रामगंज में लिखित शिकायत देकर किशोरी को सकुशल बरामद करने की मांग की है। तहरीर में किशोरी का हुलिया और मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
थाना प्रभारी रामगंज रामराज कुशवाह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा।












































