फर्रुखाबाद : जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र में देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी शिवा, पुत्र सर्वेश चंद्र, मंगलवार रात करीब 10 बजे फर्रुखाबाद से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। जब वह फर्रुखाबाद-कायमगंज मार्ग पर गांव सादिकपुर के पास पहुंचा, तभी अचानक एक गाय का बछड़ा उसकी बाइक के सामने आ गया।
बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण शिवा अपना संतुलन नहीं बना सका और बछड़े से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ शवगृह भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि एसएसआई राम सिंह द्वारा पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के खतरे को उजागर कर रहे हैं।












































