उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का कहर, 96 लोगों की मौत, सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

UP: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई और यातायात भी प्रभावित रहा। इस प्राकृतिक आपदा में प्रदेशभर में 96 लोगों की जान चली गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा मौतें वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में दर्ज की गईं। ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकान और टीन शेड उड़ गए तथा किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

भदोही में सबसे अधिक 18 लोगों की मौत हुई, जबकि मिर्जापुर में 15 और प्रयागराज में 17 लोगों ने जान गंवाई। इसके अलावा फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6 तथा प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 लोगों की मौत दर्ज की गई। सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुरखीरी में एक-एक व्यक्ति की जान गई। धूलभरी आंधी और बारिश के कारण कई सड़कों पर पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Also Read: ‘सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, वीआईपी फ्लीट में 50 फीसदी कटौती…’, ईंधन बचत को लेकर UP सरकार सख्त

सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

सीएम योगी ने आंधी, बारिश और बिजली गिरने से प्रभावित लोगों के लिए तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाने के आदेश दिए हैं।

गर्मी से राहत, लेकिन बुंदेलखंड में बढ़ी परेशानी

एक ओर जहां बारिश और तेज हवाओं से प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिली, वहीं बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 44.5, प्रयागराज में 43.5, हमीरपुर में 43.2 और उरई में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी हो सकती है।

Also Read: PM मोदी की अपील का असर! लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल ने लौटाई सरकारी गाड़ी, अफसरों को दी ये बड़ी सलाह

रेल यातायात पर भी पड़ा तूफान का असर

तेज आंधी और बारिश का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला। फतेहपुर में पेड़ गिरने से ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। इस कारण कानपुर होकर गुजरने वाली लगभग 22 ट्रेनें प्रभावित हुईं। वहीं प्रयागराज-जौनपुर रेलखंड पर थरवई और सरायचंडी स्टेशन के बीच भारी पेड़ गिरने से अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। लखनऊ और प्रतापगढ़ रेल रूट पर भी आंधी का व्यापक असर देखा गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)