UP: अब फ्री में करें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई, ऐसे जुड़ें ‘AI For ALL’ से

डिजिटल भारत के सपने को साकार करने की दिशा में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मिशन निदेशक पुलकित खरे की पहल पर मिशन ने वैश्विक आईटी संस्था Oracle University के सहयोग से ‘AI for All’ कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और आम नागरिकों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुजफ्फरनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले के दौरान योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। सरकार का मानना है कि आने वाले समय में AI तकनीक रोजगार, शिक्षा और उद्योगों का अहम हिस्सा बनने वाली है, इसलिए युवाओं को समय रहते इस तकनीक से जोड़ना बेहद जरूरी है।

घर बैठे मुफ्त मिलेगी AI की ट्रेनिंग

‘AI for You: Training and Assessment’ नामक यह ऑनलाइन कोर्स पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। करीब तीन घंटे की अवधि वाले इस कार्यक्रम को विशेष रूप से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, प्रोफेशनल्स और तकनीक में रुचि रखने वाले नागरिकों के लिए तैयार किया गया है। प्रतिभागी अपने घर से ही ऑनलाइन माध्यम के जरिए आसानी से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

सफल प्रशिक्षण के बाद मिलेगा प्रमाण-पत्र

मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। असेसमेंट में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को सरकार और Oracle University की ओर से प्रमाणित सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाण-पत्र भविष्य में रोजगार और करियर के नए अवसरों में लाभदायक साबित हो सकता है।

आसान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, गांव-गांव तक पहुंचेगी योजना

इच्छुक अभ्यर्थी UPSDM Official Portal पर जाकर ‘AI for All’ टैब के माध्यम से मुफ्त पंजीकरण कर सकते हैं। प्रदेश सरकार ने इस योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों (DPMU) को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं, ताकि गांवों, कस्बों और शहरों के युवा भी इस डिजिटल पहल का लाभ उठा सकें।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)