UP: नशे में धुत बैंक मैनेजर ने कार से दो सिपाहियों को रौंदा, हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

UP: गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल सिपाहियों को पहले गोंडा मेडिकल कॉलेज और बाद में गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, करनैलगंज कोतवाली में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता गुरुवार रात करीब 12 बजे बाइक से चौरी चौराहा की ओर गश्त पर निकले थे। इसी दौरान गोनवा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सिपाही सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

Also Read; पुरानी रंजिश में खूनी हमला! बलिया में पुलिस का बड़ा एक्शन, जानलेवा हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार

राहगीरों की सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया। वहां अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार और फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।

पुलिस ने मौके से कार चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित एसबीआई शाखा के बैंक मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह शराब के नशे में धुत था। देर रात मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)