गोरखपुर: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ द्वारा 18 मई, 2026 को पुराने एडमिन ब्लॉक स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में एक विशेष कंप्यूटर दान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कारागार, गोरखपुर को डिजिटल सशक्तिकरण हेतु 10 कंप्यूटर प्रदान किए गए। संस्थान की यह पहल जेल को मात्र एक कारागार न मानकर एक ‘सुधार गृह’ के रूप में देखने की विचारधारा पर आधारित है।
इस लोक-कल्याणकारी कदम का प्राथमिक लक्ष्य कैदियों का तकनीकी कौशल विकास करना है, जिससे रिहाई के पश्चात उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिल सके। इसके माध्यम से वे अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। इस कार्यप्रणाली को मूर्त रूप देने के लिए MMMUT की CS और IT ब्रांच के चयनित छात्र अपनी ‘सोशल इंटर्नशिप’ के हिस्से के रूप में कैदियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण देने जेल जाएंगे। यह पहल राजभवन में राज्यपाल महोदया के उस हालिया संबोधन से भी सीधे तौर पर जुड़ी है, जिसमें देश के विकास व बेरोजगारी जनित अपराधों को कम करने हेतु व्यवसाय और रोजगार को मजबूत करने पर बल दिया गया था। साथ ही, जेल के भीतर कंप्यूटर आधारित 3D प्रिंटिंग एवं उन्नत नक्काशी का उपयोग कर भविष्य का एक “इन-जेल” उद्योग स्थापित करने का दीर्घकालिक दृष्टिकोण भी रखा गया, ताकि इन उत्पादों को प्रदर्शनियों में प्रदर्शित कर बेचा जा सके।
इस संपूर्ण प्रयास में विश्वविद्यालय एवं जिला करागार के बीच कला और कौशल के आदान-प्रदान को सुविधाजनक बनाने के लिए एक “संस्थागत सेतु” के रूप में कार्य कर रहा है। इस उद्देश्य हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें गुरुकृपा संस्थान के अध्यक्ष श्री बृजेश राम त्रिपाठी ने दोनों संस्थाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनएसएस एसोसिएट कोर टीम के सदस्य शिवम मिश्रा और सूरज तिवारी ने प्रथम वर्ष के स्वयंसेवकों की मदद से इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में श्री बृजेश त्रिपाठी द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने “आगाज़ हुआ है… तो अंजाम तक इसको पहुँचाना” के एक कड़े एवं प्रेरक संदेश के साथ इस गरिमामय समारोह का समापन किया।
इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री अरुण कुमार कुशवाहा, जेलर, जिला कारागार गोरखपुर एवं श्री संजय कुमार पांडे, चीफ वार्डन, जिला कारागार गोरखपुर उपस्थित रहे। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, प्रो. बी.के. पांडे, अधिष्ठाता, ई.एफ.ओ.ए.आर. (E.F.O.A.R), डॉ. सर्वपाल सिंह, चेयरमैन ITRC, श्री आर.के. मौर्य, ITRC, डॉ. सत्य प्रकाश यादव, एनएसएस संकाय समन्वयक एवं श्री बृजेश राम त्रिपाठी जी, संस्थापक व अध्यक्ष, गुरुकृपा संस्थान की उपस्थिति रही।










































