UP: उत्तर प्रदेश के महोबा में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश की रहने वाली एक छात्रा यहां रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बीती 30 अप्रैल को कोचिंग से लौटते समय कार सवार बदमाशों ने उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया। करीब 16 दिनों तक लापता रहने के बाद पुलिस ने छात्रा को बरामद किया, लेकिन पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
प्रयागराज में बंधक बनाकर किया गया उत्पीड़न
पीड़िता के अनुसार, उसके ही गांव के मोहित श्रीवास ने अपने साथियों अंकित श्रीवास और हल्लू राजपूत समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे अगवा किया। आरोप है कि उसे प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया। छात्रा ने बताया कि उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए जाते थे और विरोध करने पर सिगरेट से दागा गया तथा चाकू से हमला किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके भाई की तस्वीर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन शादी भी कराई गई।
Also Read: ‘डेटिंग ऐप पर प्यार, शादी के 5 महीने में मौत…’, ट्विशा हत्याकांड की चौंकाने वाली कहानी
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
गंभीर मानसिक और शारीरिक हालत में मिली छात्रा फिलहाल पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ फांसी जैसी कठोर सजा की अपील की है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना पर गरमाई सियासत
मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने कहा कि पार्टी लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता से फोन पर बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। कांग्रेस ने पीड़िता के बेहतर इलाज और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की है।
Also Read: ‘प्यार, शादी का सपना और फिर सेक्स…’, यूपी का ये मामला आपको चौंका देगा!
पुलिस ने चार टीमें गठित कर की बरामदगी
महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के मुताबिक, 1 मई 2026 को छात्रा की मां ने कोतवाली नगर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस का कहना है कि 16 मई को छात्रा को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।











































