रायबरेली : रायबरेली के बछरांवा में ‘बारात घर’ के लोकार्पण कार्यक्रम में राहुल गांधी ने मंच से अंबानी शादी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर तंज कसा, जिससे पंडाल में खूब तालियां और ठहाके गूंजे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर अपने चिरपरिचित अंदाज में रायबरेली के बछरांवा (ठकुराइन खेड़ा) में जनता का दिल जीत लिया। नवनिर्मित ‘बारात घर’ के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे राहुल गांधी ने मंच से सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर तंज कसे। अंबानी परिवार की शादी का जिक्र करते हुए राहुल ने जनता से ऐसा कनेक्ट बिठाया कि पूरा पंडाल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।
‘मुझे वहां नहीं जाना, मैं आपके घरों में आना चाहता हूं’
मंच से हुंकार भरते हुए राहुल गांधी ने उंगली उठाकर जनता से पूछा— “देश के सारे के सारे नेता… मोदी, अमित शाह, गडकरी… सब अंबानी जी की शादी में गए थे। क्या राहुल गांधी गया था?” जनता ने जब एक सुर में ‘नहीं’ कहा, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए आगे कहा- “मैं आपकी शादी में आना चाहता हूं। आपके घरों में आना चाहता हूं, मुझे वहां (अंबानी की शादी में) नहीं जाना।” राहुल का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
‘मांगा था बारात घर, वो हमने दे दिया, अगली बार शादी में जरूर बुलाना’
जनता की मांग का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि आपने हमसे ‘बारात घर’ मांगा था, वह आज हमने आपको सौंप दिया है। उन्होंने मजाकिया लहजे में भावुक अपील करते हुए कहा- “बड़ी खुशी की बात है। अगली बार यहां किसी की भी शादी होगी, तो मुझे जरूर बुलाइएगा, मैं आपकी शादी में आऊंगा।”
रायबरेली से हमारा ‘दिल और परिवार’ का रिश्ता : राहुल
संबोधन के आखिरी पलों में राहुल गांधी काफी भावुक नजर आए। छाती पर हाथ रखकर जनता का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि आपने जो हमें समर्थन दिया है, उसके लिए दिल से धन्यवाद। हमारा और रायबरेली का रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं है। यह प्यार का रिश्ता है, दिल का रिश्ता है। प्रियंका, मेरा, मेरी माता जी, पिता जी, दादी और पूरे परिवार का इस मिट्टी से बहुत गहरा और पुराना नाता है।
भाषण के अंत में राहुल गांधी ने ‘नमस्कार, जय हिंद’ के साथ अपना संबोधन समाप्त किया। कार्यक्रम के बाद जैसे ही राहुल गांधी मंच से उतरे, उन्हें देखने और उनसे हाथ मिलाने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा घेरे के बीच राहुल ने भी हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।










































