UP: बरेली थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने दो दिन पूर्व हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस, जरूरी दस्तावेज तथा लूटी गई नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुड़िया चेतराम निवासी आकाश मिश्रा ने 17 मई को थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता आदेश मिश्रा 14 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने चिराग पैलेस गए थे, लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद अगले दिन ग्राम मदौली के पास नहर किनारे उनका शव बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए लगातार जांच और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। इसी क्रम में मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रबर फैक्ट्री कॉलोनी के खंडहरों के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कश्यप निवासी फतेहगंज पश्चिमी तथा शहशाह निवासी थाना मीरगंज के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने शराब के नशे और पैसों के लालच में आदेश मिश्रा की हत्या की थी। आरोपियों ने पहले उन्हें शराब पिलाई, फिर नहर पटरी पर ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों मृतक का पर्स और नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2670 रुपये नकद, मृतक का पर्स और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं।










































