बाराबंकी : बाराबंकी में बढ़ती महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें सांसद तनुज पुनिया भी शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी, कोरोना बंदी, तेल और गैस की बढ़ती कीमतों जैसी नीतियों ने लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब सरकार की “नसबंदी” ही बाकी रह गई है।
जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल चुनावी राजनीति में व्यस्त है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। इसका असर आम परिवारों पर पड़ रहा है और लोग मानसिक व आर्थिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “महंगाई डायन खाए जात है”, “गिरता रुपया, महंगा तेल-देखो मोदी का ये खेल” जैसे नारे लगाए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, सरजू शर्मा, केसी श्रीवास्तव, अजीत वर्मा, मोहम्मद इजहार, अजय रावत, जयंत गौतम, राम हरख रावत, अखिलेश वर्मा, राजकुमार सिंह, डिंपल सिंह, सुशील वर्मा, मोइनुद्दीन अंसारी, मोहम्मद सफी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।









































