कोचिंग सेंटर या टॉर्चर हाउस?….यूपी के कोचिंग सेंटर मे 13 साल के बच्चे के साथ मारपीट का मामला गरमाया

यूपी : धानापुर के एक आवासीय कोचिंग सेंटर में 13 वर्षीय छात्र के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि भयभीत छात्र गुरुवार देर रात करीब एक बजे कोचिंग सेंटर से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है और परिजन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। छात्र कृष्ण कमल गाजीपुर जिले के अंधऊ गांव का रहने वाला है और धानापुर स्थित सोफियान इंस्टीट्यूट में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

माता-पिता से बात करने की इच्छा पर बढ़ा विवाद

परिजनों के अनुसार छात्र ने अपने घरवालों से बात करने की इच्छा जताई थी, जिससे कोचिंग संचालक नाराज हो गया। आरोप है कि इसके बाद बच्चे को लगातार तीन दिनों तक प्रताड़ित किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। पिटाई से डरा छात्र रात के समय सेंटर से भाग निकला। रास्ते में नरौली गांव के पास कुछ राहगीरों ने उसे रोते हुए देखा और पूछताछ की। बच्चे की स्थिति गंभीर देखकर उन्होंने तत्काल उसके परिवार को सूचना दी।

Also Read: पहले इंजेक्शन लगाकर बेहोश किया, फिर…लखनऊ के तेजस अस्पताल में डॉक्टर ने 19 वर्षीय छात्रा से OT में किया रेप

शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा

छात्र की मां अभिलाषा का कहना है कि उनके बेटे के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं। विशेष रूप से पीठ और जांघों पर सूजन और जख्म दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि बच्चा ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा है और चलने में उसे परेशानी हो रही है। परिवार ने सवाल उठाया कि यदि छात्र से कोई गलती हुई थी तो इसकी जानकारी अभिभावकों को दी जानी चाहिए थी, न कि उसके साथ हिंसक व्यवहार किया जाता।

प्रशासन ने शुरू कराई जांच

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें छात्र के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को गंभीर मानते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से ऐसे आवासीय संस्थानों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)