आजमगढ़/लखनऊ : उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई के सक्रिय स्लीपर सेल के तहत काम कर रहे एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। आजमगढ़ के निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर निवासी मोहम्मद शेख को रविवार को धर दबोचा गया। उसके पास से 9 एमएम पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।
महिला नेता को टारगेट करने की फिराक में था आरोपी
एटीएस के अनुसार, मोहम्मद शेख शहजाद भट्टी के इशारे पर एक अन्य राज्य की महिला राजनीतिक नेता को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। उसे इस काम को “ट्रायल” के रूप में सौंपा गया था। शेख ने इसके लिए 9 एमएम पिस्टल और कारतूसों का इंतजाम भी कर लिया था।
एडीजी अमिताभ यश का बयान
एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शहजाद भट्टी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर भारत में आतंकी गतिविधियां बढ़ाने की साजिश रच रहा है। वह भारतीय युवकों को सोशल मीडिया के जरिए जोड़ता है, उन्हें पैसे का लालच और धार्मिक उन्माद से भड़काकर स्लीपर सेल का हिस्सा बनाता है।
शहजाद भट्टी का खतरनाक नेटवर्क
भट्टी पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक के युवाओं को कट्टरपंथी बना रहा है। उसके निशाने पर राजनेता, राजनीतिक दलों के कार्यालय, महत्वपूर्ण संस्थान और सुरक्षा बल हैं। योजना में राजनेताओं की हत्या और बम विस्फोट भी शामिल हैं।
मोहम्मद शेख पाकिस्तान और दुबई स्थित मोबाइल नंबर्स पर व्हाट्सएप के जरिए शहजाद भट्टी, अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी से जुड़ा हुआ था। वह जिहादी बातें करता था और दूसरों को भी इस गैंग में शामिल होने के लिए उकसाता था।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
एटीएस ने मोहम्मद शेख को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एटीएस जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिसमें आईएसआई हैंडलर्स, अन्य साथियों और पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।
यह गिरफ्तारी यूपी एटीएस की सतर्कता और खुफिया तंत्र की मजबूती को दर्शाती है। राज्य में आतंकी और स्लीपर सेल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एटीएस लगातार सक्रिय है।














































