मोबाइल पर हंसकर बात करने पर सास ने टोका, नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला

कंपिल, फर्रुखाबाद : कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम प्रीतम नगला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई।25 वर्षीय महिला का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद जहां ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं मायके वालों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए दहेज उत्पीड़न की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रीतम नगला निवासी राहुल की पत्नी ललिता (25) का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

मृतका के भाई संजीव ने बताया कि ललिता की शादी 22 अप्रैल 2024 को राहुल के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम जब उन्हें बहन की मौत की सूचना मिली और वह गांव पहुंचे, तब ललिता का शव नीचे रखा हुआ था, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब थे।

Also Read – लखनऊ : विधानसभा ने कानपुर के अफसरों से विशेषाधिकार हनन मामले में रिपोर्ट तलब की, 15 दिन में मांगा जवाब

संजीव का कहना है कि घटनास्थल पर टूटी हुई चूड़ियां और संघर्ष के निशान दिखाई दिए, जिससे आशंका है कि पहले उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ससुराल पक्ष के चचिया ससुर दुर्वेश ने घटना को आत्महत्या बताते हुए कहा कि ललिता अपने मोबाइल फोन पर अपनी बहन से हंसते हुए बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसकी सास ने उसे टोका और ढंग से बात करने की नसीहत दी। इस बात से नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी बंद कर ली।

दुर्वेश के अनुसार काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर बच्चों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो ललिता फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। आनन-फानन में दरवाजा खुलवाकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Also Read: गोण्डा: फर्जी हस्ताक्षर कर ₹1.05 लाख निकालने वाला जालसाज गिरफ्तार, कोतवाली नगर पुलिस की कार्रवाई

कंपिल थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका अपने पीछे 11 माह का एक मासूम बेटा छोड़ गई है, जिसकी परवरिश को लेकर भी परिवार के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)