UP: मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी रामछबीले ने एक व्यक्ति पर वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों और एयरपोर्ट प्रशासन से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रिश्तेदारी के माध्यम से हुई थी पहचान
रामछबीले के अनुसार उनकी बहन की शादी भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के वेजवां उगापुर गांव में हुई है। बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान उनकी मुलाकात गांव निवासी अंकित गौतम पुत्र महेंद्र गौतम से हुई थी। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए अंकित ने जुलाई 2025 में बाबतपुर एयरपोर्ट पर पासपोर्ट चेकिंग से संबंधित नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर अंकित ने उनसे कुल 2 लाख 59 हजार 101 रुपये ले लिए।
लंबे इंतजार के बाद भी नहीं मिली नौकरी
रामछबीले ने बताया कि काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो उन्हें कोई नियुक्ति पत्र मिला और न ही नौकरी से जुड़ी कोई प्रक्रिया आगे बढ़ी। जब उन्होंने इस संबंध में अंकित से संपर्क किया तो वह हर बार “आज-कल” कहकर मामला टालता रहा। संदेह होने पर जब वह आरोपी के गांव पहुंचकर पैसे और नौकरी के बारे में जानकारी लेने गए तो कथित तौर पर आरोपी नाराज हो गया और दोबारा घर न आने की चेतावनी दी।
पैसे लौटाने से किया इनकार, दी धमकियां
पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी पैसे वापस करने से भी इनकार कर रहा है। साथ ही राजनीतिक पहुंच और प्रभाव का हवाला देकर जान-माल की धमकियां दे रहा है। रामछबीले ने दावा किया कि फोन पर बातचीत के दौरान भी उन्हें धमकाया गया, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध कराई है।
पुलिस अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
रामछबीले ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों और अन्य लोगों से उधार लेकर यह रकम जुटाई थी। अब पैसे वापस न मिलने से वह आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मिर्जापुर, भदोही और वाराणसी के पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ बाबतपुर एयरपोर्ट प्रशासन को भी शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































