थाने से चंद कदम दूर युवती को गोली मारकर फरार हुआ सिरफिरा आशिक, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

फर्रुखाबाद : जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मऊदरवाजा थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर एक सिरफिरे युवक ने घर की तीसरी मंजिल की छत पर बैठी 18 वर्षीय युवती को गोली मार दी और आराम से मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बीबीगंज निवासी विवेक कुमार का परिवार बहादुरगंज स्थित एक किराए के मकान में रह रहा है। गुरुवार देर रात उनकी पत्नी प्रीति और बेटी सलोनी मकान की तीसरी मंजिल की छत पर मौजूद थीं। तभी परिवार के परिचित एक युवक ने अचानक छत पर पहुंचकर सलोनी पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली उसके दाहिने पैर को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब वारदात थाने के इतने नजदीक हुई तो आखिर आरोपी इतनी आसानी से कैसे फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अपराधी थाने के आसपास भी बेखौफ होकर गोलीबारी कर रहे हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Also Read: UP: अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का फरार इनामी गैंगस्टर आकाश चौधरी गिरफ्तार  

घायल सलोनी ने अस्पताल में बताया कि आरोपी युवक से पिछले करीब एक वर्ष से शादी की बातचीत चल रही थी। हाल के दिनों में बातचीत बंद हो गई थी। सलोनी का कहना है कि वह पिछले आठ दिनों से काम पर जाने लगी थी, जिससे आरोपी उससे संपर्क नहीं कर पा रहा था। इसी बात से नाराज होकर वह घर पहुंचा और परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। जब सलोनी अपनी मां को बचाने के लिए आगे आई तो आरोपी ने उस पर गोली चला दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घायल युवती को अपनी कार से लोहिया अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से जानकारी ली।

पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। हालांकि घटना के कई घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि थाने के बिल्कुल पास हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने अपराधियों के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं घायल युवती का उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)