उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने देवरिया में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन, मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम और योग कक्ष के शुभारंभ के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लखनऊ में आयोजित समाजवादी पार्टी के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया।
सपा की राजनीति का केंद्र सिर्फ तुष्टिकरण
ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी का असली चरित्र मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सपा के खाने के दांत कुछ और दिखाने के कुछ और हैं, इसलिए प्रदेश की जनता अब उन पर विश्वास नहीं करती। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि पार्टी केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए अलग-अलग समाजों को साधने का प्रयास कर रही है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव को जवाब
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव के बयान का जवाब देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि मामले की एसआईटी जांच चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पलटवार करते हुए सवाल उठाया कि बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे का क्या हुआ और उस पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते।
सनातन संस्कृति पर राजनीति का लगाया आरोप
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा नेतृत्व सनातन संस्कृति को लेकर बयानबाजी कर केवल अपने पारंपरिक वोट बैंक को साधने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब कुछ समझती है और अतीत की घटनाओं को भूली नहीं है। पाठक ने कहा कि जनता ऐसे लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगी, जिन्होंने रामभक्तों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































