UP: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जांच अभियान, ये लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच!

UP: मुगलसराय (चंदौली) टीबी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जांच और जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

6 हजार से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चक्रवर्ती ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान कुल 6060 लोगों का फुटफॉल दर्ज किया गया। जांच के दौरान 2616 ऐसे मरीज चिन्हित किए गए, जिनमें टीबी के लक्षण पाए जाने की आशंका थी।

Also Read: अब बिना डॉक्टर की पर्ची नहीं मिलेगी कफ सिरप, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किया नया आदेश

एक्स-रे जांच में 31 मरीजों में टीबी की पुष्टि

संभावित मरीजों का एक्स-रे परीक्षण कराया गया, जिसके बाद 31 लोगों में टीबी संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी संक्रमित मरीजों को आवश्यक दवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और नियमित उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि बीमारी पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।

हाई रिस्क क्षेत्रों के 46 गांवों में चला जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग ने हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीनों की मदद से हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष अभियान भी संचालित किया। इसके तहत चयनित 46 गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया, जहां लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

Also Read: UP: रायबरेली में सई नदी में मिला गर्भवती महिला का शव, इलाके में मची सनसनी

लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच

डॉ. चक्रवर्ती ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, तेजी से वजन घटना या शाम के समय बार-बार बुखार आने जैसी समस्याएं हों, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)