फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन से उतरते समय फिसला पैर; आरपीएफ और एंबुलेंस कर्मियों ने दिखाई तत्परता

फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन पर जरा सी लापरवाही किस तरह जिंदगी भर का दर्द दे सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण शनिवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। ट्रेन से उतरते समय एक वरिष्ठ अधिवक्ता का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनका दाहिना पैर कट गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी 67 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता अमरनाथ पांडे पुत्र रामसेवक पांडे ट्रेन से यात्रा कर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन से नीचे उतरते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आ गए। देखते ही देखते उनका दाहिना पैर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ जवान धीरेंद्र सिंह और ईएमटी अमित मौके पर पहुंचे। दोनों ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचाया।

Also Read: Lucknow Fire Accident: ‘100 सिलेंडर फटे, 1200 झुग्गियां जल कर राख…’, लखनऊ में भीषण आग का कहर, मचा हड़कंप

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

यह हादसा रेलवे यात्रियों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने तथा जल्दबाजी न करने की अपील करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही सावधानीपूर्वक उतरना चाहिए, क्योंकि एक क्षण की असावधानी जीवनभर का दुख दे सकती है।

स्टेशन पर मौजूद लोगों ने आरपीएफ जवान और एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते राहत मिलने से घायल अधिवक्ता को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)