ससुराल बना कुरुक्षेत्र, ‘खून के प्यासे’ सास-ससुर ने दामाद को सरेराह चाकुओं से गोदा, दर्दनाक मौत

रायबरेली: जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के दुर्गा सिंह मजरे कुंवरमऊ गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार रात एक 34 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

दिन में हुआ विवाद, रात में घात लगाकर हमला

जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह का अपनी ससुराल पक्ष से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच दो बार मारपीट हुई, जिसमें लाठी-डंडे भी चले और वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल गया था।

Also Read: UP: उमरिया में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

घर लौटते समय वारदात को दिया अंजाम

मेडिकल कराने के बाद जब वीरेंद्र घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि ससुर तेज बहादुर सिंह, सास रीता सहित अन्य लोगों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जमीन के विवाद के चलते ससुर, सास और चचिया ससुर ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: UP: स्मैक तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, अमेठी में 65 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही नसीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पवन सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद हत्या की वजह सामने आया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)